n NBT न्यूज, फरीदाबाद
बल्लभगढ़ की आदर्श सब्जी मंडी में 22 अप्रैल को मिली महिला की लाश के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। करीब नौ दिन की गहन जांच के बाद क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने आरोपी बीरू (36) को मुजेसर के लखानी चौक इलाके से दबोच लिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि अवैध संबंध, पैसों को लेकर विवाद और पुलिस में फंसाने की धमकी इस हत्या की मुख्य वजह बने।
कैसे हुआ खुलासा : 22 अप्रैल को डायल-112 के माध्यम से पुलिस चौकी बस स्टैंड बल्लभगढ़ को सूचना मिली थी कि सब्जी मंडी में एक अज्ञात महिला का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में पोस्टमाॅर्टम कराया। रिपोर्ट में महिला की मौत आंतरिक चोटों से होना सामने आया, जिसके बाद थाना शहर बल्लभगढ़ में हत्या का मामला दर्ज किया गया। शुरुआत में महिला की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने इश्तेहार जारी किए और आसपास के इलाकों में पूछताछ की। तकनीकी जांच और गुप्त सूत्रों की मदद से मृतका की पहचान फिरोजा उर्फ आरती उर्फ कल्लो (लगभग 45 वर्ष) के रूप में हुई। वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली थी और लंबे समय से परिवार से अलग होकर बल्लभगढ़ बस स्टैंड के आसपास रह रही थी।
एसीपी क्राइम वरुण कुमार दहिया के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका मृतका के साथ अवैध संबंध था। महिला अक्सर उससे पैसे मांगती थी और मना करने पर पुलिस में शिकायत की धमकी देती थी। 21 अप्रैल की रात दोनों बल्लभगढ़ बस स्टैंड पर मिले और साथ में शराब पी। नशे की हालत में आरोपी ने महिला के साथ जबरदस्ती संबंध बनाने की कोशिश की, जिससे दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर आरोपी ने पास पड़ी ईंट से महिला के सिर, छाती और पेट पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

