NBT न्यूज, फरीदाबाद
सेक्टर-58 थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 45 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका 11 साल का बेटा और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का पास के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार, मादलपुर निवासी विजय शंकर अपने पड़ोसी की शादी में शामिल होने के लिए राजीव कॉलोनी गए थे। गुरुवार रात करीब 12 बजे वह अपने बेटे मोहित और पड़ोसी मुकेश के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान राजीव कॉलोनी से आगे बढ़ते ही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सड़क पर पड़े मिट्टी के ढेर पर चढ़ने के कारण स्कॉर्पियो चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि विजय शंकर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दोनों अन्य सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। सेक्टर-58 थाना प्रभारी विनोद ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार स्कॉर्पियो चालक की तलाश की जा रही है।

