शादी समारोह में हवाई फायरिंग

नवभारतटाइम्स.कॉम

फरीदाबाद के लहंडोला गांव में एक शादी समारोह में युवक ने हवाई फायरिंग की। इससे वहां अफरातफरी मच गई। पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपी दीपक उर्फ मिट्टी की पहचान की। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। ऐसी गैरकानूनी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

faridabad youth fires in the air at wedding ceremony panic ensues police search continues

n NBT न्यूज, फरीदाबाद

थाना छांयसा क्षेत्र के लहंडोला गांव में 29 अप्रैल की रात एक शादी समारोह उस समय दहशत में बदल गया, जब एक युवक ने अचानक हवाई फायरिंग शुरू कर दी। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागने लगे। पुलिस के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे चांदपुर पुलिस चौकी को कंट्रोल रूम के जरिए सूचना मिली कि गांव में चल रहे शादी समारोह में एक युवक फायरिंग कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था।

मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ और जांच के दौरान पुलिस को एक वीडियो मिला, जिसमें एक युवक समारोह के बीच हथियार लहराते हुए फायरिंग करता नजर आ रहा है। वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान फज्जूपुर नीमका निवासी दीपक उर्फ मिट्टी के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि उसने बिना किसी उकसावे के यह हरकत की, जिससे वहां मौजूद लोगों में भय का माहौल बन गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही और गैरकानूनी गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।