दमकल और पालिका कर्मियों ने जताया विरोध

नवभारतटाइम्स.कॉम

गुड़गांव में नगर पालिका और दमकल कर्मियों की हड़ताल 24वें दिन भी जारी है। कर्मचारी शहीद दमकल कर्मियों को शहीद का दर्जा और उनके आश्रितों को आर्थिक सहायता व नौकरी देने की मांग कर रहे हैं। कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने और समान वेतन लागू करने की भी मांग है।

fire and municipal workers strike continues for 24th day chanting slogans against government

n NBT न्यूज, गुड़गांव

शहर में नगर पालिका कर्मचारी संघ और अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन की संयुक्त हड़ताल शुक्रवार को 24वें दिन भी जारी रही। सेक्टर-29 स्थित फायर स्टेशन पर कर्मचारियों ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर अपनी मांगों को दोहराया।

हड़ताल की अध्यक्षता जिला प्रधान साहून खान ने की, जबकि मंच संचालन सुनील कुमार ने किया। कर्मचारियों का कहना है कि फरीदाबाद अग्निकांड में शहीद हुए दमकल कर्मी रणवीर सिंह और भवीचंद शर्मा को शहीद का दर्जा दिया जाए। साथ ही उनके आश्रितों को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी दी जाए। पे-रोल और कौशल निगम के तहत कार्यरत कर्मियों को विभाग के नियमित पदों पर समायोजित करने, समान काम के लिए समान वेतन लागू करने और 5 हजार रुपये मासिक जोखिम भत्ता देने, ड्यूटी पर घायल कर्मचारियों के लिए मुफ्त इलाज और विशेष अवकाश की व्यवस्था करने की भी मांग की गई। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के 23 और 31 दिसंबर 2025 के फैसलों के बावजूद कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने और समान वेतन लागू करने में सरकार विफल रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को अनिश्चितकाल के लिए बढ़ाया जाएगा। धरना स्थल पर सर्व कर्मचारी संघ और CITU के पदाधिकारियों ने भी पहुंचकर समर्थन दिया। इस दौरान शहर में कर्मचारियों के समर्थन में आक्रोश रैली भी निकाली गई। यूनियन ने हड़ताल को 5 मई तक बढ़ाने का निर्णय लिया है।