NBT न्यूज, चंडीगढ़
हरियाणा में होने वाली पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती के लिए अब तक 20 हजार युवाओं का फिजिकल मीजरमेंट टेस्ट (पीएमटी) पूरा हो चुका है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के सदस्य एवं नोडल अधिकारी भूपेंद्र चौहान ने शुक्रवार को बताया कि पंचकूला स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित शारीरिक माप परीक्षण के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्था सुनिश्चित की गई हैं।
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के सदस्य ने बताया कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह परीक्षा व्यवस्था का लगातार जायजा ले रहे हैं। आयोग के दो सदस्य भी प्रतिदिन सुचारु रूप से प्रबंधन देख रहे हैं, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो रही है। चौहान ने बताया कि 20 से 30 अप्रैल के बीच लगभग 20,000 उम्मीदवारों ने शारीरिक माप परीक्षण में भाग लिया है। वर्तमान में यह परीक्षण प्रक्रिया जारी है।
इस पूरी प्रक्रिया के सफल संचालन के लिए लगभग 250 अधिकारियों व कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जिनमें हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग, स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, अग्निशमन विभाग, शारीरिक शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग तथा नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हैं। उम्मीदवारों की सुविधा के लिए जीरकपुर बस स्टैंड से ताऊ देवीलाल स्टेडियम तक बस सेवा उपलब्ध करवाई गई है। स्टेडियम परिसर में अभ्यर्थियों के लिए विश्राम क्षेत्र (रेस्ट एरिया), पेयजल, टेंट तथा सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की गई है। एक अभ्यर्थी की पूरी प्रक्रिया में 45 मिनट का समय लगता है।

