n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा : भीषण गर्मी का असर अब लोगों की सेहत पर साफ दिखने लगा है। सरकारी अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) की ओपीडी में पेट दर्द , उल्टी , सिरदर्द और स्किन एलर्जी के मामलों में इजाफा हुआ है। डॉक्टरों के मुताबिक, फास्ट फूड और खानपान में लापरवाही के कारण टाइफाइड के मरीज भी बढ़ रहे हैं। तेज धूप और ज्यादा पसीने की वजह से शरीर पर लाल चकत्ते, फंगल इन्फेक्शन और त्वचा संबंधी समस्याएं सामने आ रही हैं। जिम्स में त्वचा रोग की ओपीडी में रोजाना 200 मरीज आ रहे हैं। सीनियर जनरल फिजिशियन डॉ. संदीपन रॉय ने बताया कि इस मौसम में विशेष सावधानी जरूरी है। जिम्स में जनरल मेडिसिन विभाग के असोसिएट प्रफेसर डॉ. दीपक शर्मा ने बताया कि तापमान में लगातार हो रही बढ़ोत्तरी के कारण ओपीडी में रोजाना 350 से अधिक मरीज आ रहे है। इसमें पेट दर्द, उल्टी, गला खराब और बुखार वाले मरीजों की संख्या रोजाना 60 से 70 से अधिक आ रही है। वहीं, डर्मेटोलॉजिस्ट विभाग की हेड डॉ़ पीहू सेठी ने बताया कि तापमान जैसे-जैसे बढ़ रहा है, वैसे ही एलर्जी (फोटोडर्माटाइटिस) में चेहरा लाल होने लगा है। साथ ही शरीर पर लाल रंग के दाने निकल जाते हैं। उन्होंने बताया कि गर्मी के कारण त्वचा रोग की ओपीडी में 200 मरीज आ रहे है।

