हिट एंड रन में श्रमिक की मौत, आरोपी चालक फरार

नवभारतटाइम्स.कॉम

फरीदाबाद के सेक्टर-7 में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय मजदूर गौरव महतो की मौत हो गई। एक तेज रफ्तार लोडिंग वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

hit and run in faridabad speeding loading vehicle kills laborer driver absconds

n NBT न्यूज, फरीदाबाद

सेक्टर-7 थानाक्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय मजदूर युवक की मौत हो गई। यह घटना हिट एंड रन की बताई जा रही है, जिसमें अज्ञात वाहन चालक टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान बिहार के लखीसराय जिले के सदायबिघा गांव निवासी गौरव महतो के रूप में हुई है, जो फरीदाबाद में मजदूरी करता था। गौरव के पिता नवल महतो ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 29 अप्रैल की रात करीब एक बजे गौरव अपने दोस्त मोहित के साथ बाइक पर पेट्रोल भरवाने के लिए बाटा चौक की ओर जा रहा था। आरोप है कि जैसे ही वे नेशनल हाइवे पर एक फैक्ट्री के सामने पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार लोडिंग वाहन ने लापरवाही से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई, जबकि आरोपी चालक वाहन सहित फरार हो गया।

हादसे के बाद शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। सूचना मिलने पर परिजन बिहार से फरीदाबाद पहुंचे और शव की पहचान की। परिजनों ने पुलिस से आरोपी चालक की जल्द पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपी को पड़ने का पुलिस दावा कर रही है।