n NBT न्यूज होडल
गांव डाडका में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोर चारदीवारी फांदकर घर में दाखिल हुए और कमरे व संदूक के ताले तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। थाना प्रभारी अशोक कुमार के अनुसार, पीड़ित ममरेज ने बताया कि वह गुरुवार रात अपने घर के चौक में अकेले सो रहे थे। घर के मुख्य दरवाजे पर ताला लगा था, जिसकी चाबी उनकी जेब में ही मौजूद थी। सुबह करीब चार बजे नींद खुलने पर उन्होंने कमरे का ताला टूटा पाया और अंदर मोबाइल की टॉर्च जलती देखी, जब वे कमरे में पहुंचे तो सामान बिखरा हुआ मिला और संदूक का ताला टूटा था। पीड़ित के मुताबिक, चोर संदूक में रखी करीब दो किलोग्राम चांदी, एक तोला सोने की हसली और लगभग 65 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। घटना की सूचना सुबह पीड़ित के भाई समसू ने डायल 112 पर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी है।

