n NBT न्यूज, गुड़गांव
शहर के सेक्टर-20 स्थित डूंडाहेड़ा गांव (वॉर्ड 2) में पिछले करीब पांच दिनों से पेयजल आपूर्ति बाधित होने के कारण करीब 12 हजार परिवार गंभीर जल संकट का सामना कर रहे हैं। हालात यह हैं कि लोगों को अपनी दैनिक जरूरतें पूरी करने के लिए बाजार से पानी खरीदना पड़ रहा है या टैंकरों का सहारा लेना पड़ रहा है। वहीं लगातार शिकायतों के बाद भी कोई समाधान नहीं निकल पा रहा है।
निवासियों का आरोप है कि सेक्टर-18 स्थित बूस्टर से ही इस क्षेत्र में पानी की सप्लाई की जाती है। हालांकि वहां से अन्य इलाकों में पानी सुचारू रूप से पहुंच रहा है, लेकिन डूंडाहेड़ा गांव में आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित है। भीम सिंह यादव ने बताया कि कई जगह शिकायत दर्ज कराई गई है, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही। पार्षद ज्योत्सना विपिन यादव ने कहा कि टीम लगातार काम कर रही है। जैसे ही सटीक स्थान का पता चलेगा, समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।

