~3000 करोड़ से सुधरेंगी सड़कें

नवभारतटाइम्स.कॉम

बाराबंकी में सड़कों का कायाकल्प होने जा रहा है। लोक निर्माण विभाग करीब 3000 करोड़ रुपये खर्च करेगा। कई सड़कों की मरम्मत और चौड़ीकरण का काम होगा। चार नए बाईपास भी बनाए जाएंगे। इससे यातायात सुगम होगा और विकास को गति मिलेगी। ग्रामीण सड़कों को जिला मार्ग का दर्जा मिलेगा।

3000 crore to make barabanki roads sparkling dm gives green signal

nNBT न्यूज़, बाराबंकीः चालू वित्तीय वर्ष में सड़कों की मरम्मत व उनके चौड़ीकरण पर लोक निर्माण विभाग के करीब 3000 करोड़ रुपये खर्च के प्रस्ताव को डीएम ईशान प्रताप सिंह ने हरी झंडी दे दी। इनमें खाद्य व रसद राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा, एमएलसी अंगद कुमार सिंह, विधायक साकेंद्र प्रताप सिंह व दिनेश रावत के प्रस्तावों को खास तवज्जो दी गई है।

लोक निर्माण विभाग के खंड तीन ने चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 की इस कार्ययोजना में चार बाईपास शामिल किए हैं। देवा रोड से शहर आए बिना बहराइच व अयोध्या हाईवे तक भारी वाहनों की पहुंच के लिए सूत मिल रोड के आगे कनौजिया गांव के पास से नौ किमी की ग्रामीण मार्ग को 5.50 मीटर चौड़ा किया जाएगा। इसी तरह निंदूरा ब्लाॅक के कुर्सी में इटौंजा आने-जाने वाले मार्गों के दबाव को देखते हुए कुर्सी रोड से आबादी के बाहर से शारदा नहर की पटरी पर बाईपास बनाया जाएगा। यह बाईपास करीब 750मीटर लंबा होगा। इसके अलावा लखनऊ-कुर्सी महमूदाबाद रोड को कुर्सी देवा रोड से जोड़ने के लिए 1225 मीटर लंबी बाईपास बनाने का भी प्रस्ताव है।

जिला मार्ग में बदलेंगी 23 सड़कें: पीडब्ल्यूडी खंड तीन ने 23 ग्रामीण सड़कों, सूरतगंज में 8.4 किमी लंबी बेलहरा से चिरैया घाट रोड, रामनगर से गुरसेल मोड़ की करीब दो किमी, बंकी ब्लाॅक में भिटौली के पास से 4.2 किमी लंबी सैलानीमाता मंदिर रोड, फतेहपुर में असोहना वाजिदपुर मार्ग से खाटू श्याम मंदिर मार्ग आदि को साढ़े तीन मीटर से पांच मीटर चौड़ा करके जिला मार्ग बनाने का खाका तैयार किया गया है। इसी तरह का प्रस्ताव प्रांतीय खंड व खंड एक की ओर से अपने ब्लाॅकों में ग्रामीण सड़कों को चौड़ा करने को कार्ययोजना में शामिल किया है। खंड तीन के अधिशाषी अभियंता राजीव कुमार राय ने बताया कि प्रस्ताव डीएम से मंजूर करा लिए गए हैं।