n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा
ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में स्कूलों के बाहर लगने वाला जाम लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनता जा रहा है। सुबह स्कूल खुलने और दोपहर छुट्टी के समय सड़कों पर हालात बेहद खराब हो जाते हैं। अभिभावकों और बच्चों को लंबे समय तक जाम में फंसना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जाम की सबसे बड़ी वजह सड़कों पर बढ़ता अतिक्रमण और गलत तरीके से की जा रही वाहन पार्किंग है। कई लोग सड़क किनारे वाहन खड़े कर चले जाते हैं, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग जाती है और यातायात प्रभावित होता है। इसके चलते स्कूलों के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाती है। लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद ट्रैफिक पुलिस और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। स्थानीय निवासियों ने स्कूलों के बाहर सख्त ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने और अतिक्रमण हटाने की मांग की है। ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि रोड पर खड़े होने वाले वाहनों के खिलाफ ई चालान की कारवाई की जाएगी। साथ ही जाम वाले पॉइंट पर ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती करेंगे।
गलत दिशा में दौड़ रही स्कूल वैन
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर अल्फा-1 स्थित सेंट जोसेफ स्कूल के पास स्कूली वैन बच्चों को बैठाकर गलत दिशा में दौड़ रही हैं, जिससे हादसे का खतरा लगातार बना रहता है। यही स्थिति एस्टर पब्लिक स्कूल और डीपीएस के आसपास भी देखने को मिल रही है, जहां स्कूल बसें और अन्य वाहन नियमों को ताक पर रखकर गलत दिशा से निकलते हैं। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ हो रहा है, लेकिन निगरानी करने वाला कोई नहीं है।



