सुनील मित्तल अगले 10 साल में अपने बच्चों को सौंपेंगे Airtel की कमान

नवभारतटाइम्स.कॉम

टेलीकॉम दिग्गज सुनील भारती मित्तल ने अगले दशक में भारती एयरटेल की कमान अपने बच्चों को सौंपने की योजना बनाई है। वे प्रमोटर कंपनी भारती टेलिकॉम की हिस्सेदारी बढ़ाकर 50% से अधिक करना चाहते हैं। इसके लिए करीब 1 लाख करोड़ रुपये के निवेश की आवश्यकता होगी।

सुनील मित्तल अगले 10 साल में अपने बच्चों को सौंपेंगे Airtel की कमान

पीटीआई, नई दिल्ली: टेलिकॉम जगत के दिग्गज सुनील भारती मित्तल अगले 10 साल में भारती एयरटेल की कमान अपने बच्चों को सौंपने की योजना बना रहे हैं। साथ ही, उनकी इच्छा है कि प्रमोटर कंपनी भारती टेलिकॉम , एयरटेल में अपनी हिस्सेदारी फिर से बढ़ाकर 50 फीसदी से ऊपर ले जाए।

अभी भारती टेलिकॉम में मित्तल परिवार और सिंगटेल ग्रुप की साझेदारी है और इसके पास एयरटेल के 40.47% शेयर हैं। अगर सभी प्रमोटर ग्रुप (मित्तल परिवार की होल्डिंग कंपनी इंडियन कॉन्टिनेंट इन्वेस्टमेंट, सिंगटेल की 'पास्टेल' आदि) को मिला दें, तो एयरटेल में इनकी कुल हिस्सेदारी 48.87% बैठती है।

सुनील मित्तल का चेयरमैन के तौर पर मौजूदा कार्यकाल 30 सितंबर को खत्म हो रहा था। उन्हें अब अगले पांच साल यानी 30 सितंबर 2031 तक के लिए फिर से नियुक्त कर दिया गया है।

मित्तल ने कहा, मेरी अपनी इच्छा है कि अगले एक दशक में जब मैं शेयरधारक के तौर पर कंपनी की जिम्मेदारी अगली पीढ़ी को सौंपूं, तो भारती टेलिकॉम के पास कंपनी की 51% या कम से कम 50% से ज्यादा हिस्सेदारी (कंट्रोलिंग स्टेक) वापस आ जाए। गुरुवार को कंपनी के नतीजों पर हुई चर्चा के दौरान मित्तल ने बताया कि एयरटेल में हिस्सेदारी 10% बढ़ाने के लिए भारी-भरकम कैश की जरूरत होगी। आज के मार्केट कैप के हिसाब से इसके लिए करीब 1 लाख करोड़ रुपये के निवेश की जरूरत पड़ेगी।