n NBT रिपोर्ट, मुंबई: आरे पुलिस स्टेशन की हद में रिश्तों को शर्मसार करने वाली खौफनाक वारदात सामने आई है। पत्नी के अवैध संबंध होने के शक में पति ने उसके कथित प्रेमी को घर बुलाकर शराब पिलाई और फिर पत्नी के सामने ही गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने वारदात के तीन घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान भीमराज शर्मा (48) के रूप में हुई है, जबकि मृतक का नाम विकास भुसारे है। दोनों आरे कॉलोनी यूनिट-5 में रहते थे। पुलिस के अनुसार, भीमराज को पत्नी और विकास के बीच अनैतिक संबंध होने का शक था। इस बात को लेकर वह पत्नी से कई बार विवाद कर चुका था।
योजना के तहत आरोपी ने विकास को घर बुलाया। देर रात तीनों ने साथ बैठकर शराब पी। नशे की हालत में भीमराज ने विकास को घर आने से मना किया, जिस पर दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। आरोप है कि गुस्से में भीमराज ने किचन से चाकू लाकर विकास का पत्नी के सामने गला रेत दिया। गंभीर हमले में विकास की मौके पर ही मौत हो गई।



