n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बैंक की रकम हड़पने के मामले में दो आरोपिंतों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने बैंक ऑफ इंडिया की सदर शाखा (लखनऊ) में वन निगम के नाम पर खाता खोल कर 6.95 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की। गिरफ्तार आरोपितों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन की सीबीआई रिमांड पर भेज दिया गया है। सीबीआई ने इस मामले में यूपी, पश्चिम बंगाल और दिल्ली सहित कई राज्यों में छापेमारी कर साक्ष्य जुटाए हैं।
बैंक ऑफ इंडिया की लिखित शिकायत पर सीबीआई ने 15 जनवरी 2026 को इस धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज की थी। सीबीआई की जांच में खुलासा हुआ कि आरोपितों ने फर्जी पहचान पत्र, नकली अधिकृत पत्र और जाली प्रस्ताव तैयार कर उप्र वन निगम के नाम से बैंक खाता खुलवाया और बैंक को झांसा देकर 64.82 करोड़ रुपये खाते में स्थानांतरित करवा लिए गए। इसमें से 6.95 करोड़ रुपये दिल्ली और कोलकाता की छह कंपनियों के खातों में आरटीजीएस के जरिए ट्रांसफर किए गए। मामले का खुलासा तब हुआ, जब वन निगम ने बैंक को बताया कि उक्त आरोपितों से उनका कोई लेना देना नहीं है। छापेमारी और तहकीकात के बाद सीबीआई ने इस धोखाधड़ी में कर्नाटक निवासी दीपक संजीव सुवर्णा और दीपक यादव को गिरफ्तार किया है। मामले में अन्य लोगों के साथ बैंक कर्मियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।



