कॉमन एरिया की दीवार तोड़ी, सर्वेंट रूम सील

नवभारतटाइम्स.कॉम

गुड़गांव में प्रशासन ने अवैध निर्माण और अतिक्रमण पर बड़ा एक्शन लिया। सेक्टर-49 यूनिवर्सल ट्रेड टावर में कॉमन एरिया की दीवार तोड़ी गई और परिसर सील किया गया। उप्पल साउथेंड में अवैध खोखे को हटाया गया। निर्वाणा कंट्री में स्टिल्ट एरिया के सर्वेंट रूम को सील किया गया। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

administrations bulldozer runs on illegal construction in gurgaon common area walls demolished servant rooms sealed

n NBT न्यूज, गुड़गांव

शहर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने गुरुवार को तीन अलग-अलग स्थानों पर सीलिंग और तोड़फोड़ अभियान चलाया। कार्रवाई सेक्टर-50 थाना पुलिस की मौजूदगी में सेक्टर-49 यूनिवर्सल ट्रेड टावर, उप्पल साउथेंड और निर्वाणा कंट्री में की गई।

पहली कार्रवाई सेक्टर-49 स्थित यूनिवर्सल ट्रेड टावर में की गई, जहां कॉमन एरिया में बनाई गई अवैध आंतरिक दीवार को तोड़ा गया। इसके बाद परिसर को सील कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार कॉमन एरिया पर कब्जे की शिकायत मिलने के बाद जांच की गई थी। वहीं दूसरी कार्रवाई उप्पल साउथेंड में की गई, जहां अवैध रूप से बनाए गए एक खोखे को हटाया गया। इसको लेकर लगातार शिकायत मानवाधिकार आयोग और अन्य शिकायत पोर्टलों के माध्यम से जिला प्रशासन तक पहुंच रही थी। जांच और नोटिस देने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद डिमोलिशन की कार्रवाई की गई। वहीं तीसरी कार्रवाई निर्वाणा कंट्री के एस्पेन ग्रीन्स सोसायटी में की गई, जहां स्टिल्ट एरिया में बनाए गए अवैध सर्वेंट रूम को सील किया गया। इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल पर दर्ज कराई गई थी। अधिकारियों ने बताया कि जांच में निर्माण नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने के बाद सीलिंग की कार्रवाई की गई है। शहर में अवैध निर्माण, अतिक्रमण और नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।