n NBT न्यूज, रानी बाग
नांगलोई इलाके में स्लीपर बस के अंदर महिला से रेप के मामले में रानी बाग थाना पुलिस ने बस के ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दोनों आरोपी उसी बस में तैनात थे। पुलिस ने पीड़िता का कोर्ट में धारा 164 के तहत बयान भी दर्ज करा दिया है। इसमें महिला ने अपने साथ हुई वारदात की पुष्टि की है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्लीपर बस को भी जब्त कर लिया है। जांच जारी है।
आउटर जिले के डीसीपी विक्रम सिंह मीणा ने बताया कि मंगलवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही रानी बाग थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उमेश और रामेंद्र के रूप में हुई है। उमेश बस का कंडक्टर है, जबकि रामेंद्र ड्राइवर है। दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं।
जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला को सोमवार देर रात मधुबन चौक बस स्टैंड के पास बस में बैठाया गया था। आरोप है कि बाद में नांगलोई इलाके में बस के अंदर उसके साथ रेप किया गया। पीड़िता के बयान के आधार पर रानी बाग थाना में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने महिला की मेडिकल जांच भी कराई। पुलिस के अनुसार यह स्लीपर बस कश्मीरी गेट से उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार तक जाती है। सोमवार रात ड्राइवर और कंडक्टर बस लेकर नांगलोई जा रहे थे, जहां से उन्हें सवारी भरनी थी। इसी दौरान महिला को बस में बैठाया गया और फिर उसके साथ वारदात की गई। पुलिस को इस मामले की सूचना मंगलवार सुबह करीब 4:45 बजे मिली थी।



