n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : जिला कांग्रेस कमिटी की मासिक बैठक गुरुवार को सेक्टर-9 स्थित कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक की अध्यक्षता में हुई। बैठक की शुरुआत संगठन महासचिव अशोक रावल की पत्नी के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। बैठक में पदाधिकारियों ने शहर की बिगड़ती सफाई व्यवस्था को लेकर बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। बैठक में नीट पेपर लीक मामले को लेकर युवाओं की आवाज मजबूती से उठाने और आम जनता के बीच संगठन की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया। बलजीत कौशिक ने कहा कि सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को जनता के सामने उजागर करें और कांग्रेस सरकार के दौरान हुए विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं।



