n NBT न्यूज, फरीदाबाद
शहर में बुधवार रात आई तेज आंधी और बारिश से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप रही। लोगों को घंटों बिजली कटौती से परेशानी का सामना करना पड़ा। कई इलाकों में आंधी के कारण पेड़ टूटकर बिजली के तार पर गिर गए, जिससे इलाके में बिजली सप्लाई बाधित रही। लोग पूरी रात बिजली हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर समाधान की मांग करते रहे। बुधवार और गुरुवार को खबर लिखने तक बिजली कंट्रोल रूम में कुल 3700 से अधिक बिजली शिकायतें दर्ज की गईं।
इन इलाकों में रही दिक्कत : यहां बल्लभगढ़, एनआईटी, ओल्ड फरीदाबाद और ग्रेटर फरीदाबाद के इलाकों में कई घंटों बिजली गुल रही। कई इलाकों में पेड़ बिजली तारों पर गिरने से फॉल्ट आने, तार टूटने और स्पार्किंग की समस्या रही। ऐसे में बिजली कर्मचारियों को इन इलाकों में खंभों और फॉल्ट को दुरुस्त कर बिजली सप्लाई चालू करने में अधिक समय लग गया। आंधी के कारण पूरे शहर में बिजली गुल रही। सेक्टर 16, सेक्टर 21सी, सेक्टर 28, सेक्टर 19, 18 सहित कई इलाकों में रात आठ बजे से ही बिजली गुल रही। वहीं, सेक्टर 82, 89, सेक्टर 88, सेक्टर 35 और अशोका एनक्लेव पार्ट-2 बी-ब्लॉक के हजारों लोगों को रात भर बिजली कटौती के कारण परेशानी झेलनी पड़ी। इन इलाकों में लोगों को 10 से 12 घंटे बिजली कटौती से परेशानी का सामना करना पड़ा। सेक्टर 29 और 46 में तेज आंधी के कारण बिजली तारों पर पेड़ टूटकर गिर गए, जिससे इलाकों में रात भर बिजली गुल रही। कर्मचारी पेड़ को तारों से हटाकर बिजली सप्लाई चालू करने में लगे रहे। वहीं, इस संबंध में बिजली निगम एसई जितेंद्र ढुल से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।



