n NBT न्यूज, गुड़गांव: शहर में बुधवार शाम को आई तेज आंधी और बारिश ने शहर की बिजली व्यवस्था की पोल खोल दी। मौसम बदलते ही कई इलाकों में पावर कट, ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या शुरू हो गई। रातभर लोग उमस और गर्मी के बीच बिजली की आंख-मिचौली से परेशान रहे। आंधी के चलते शहर में कई जगह पेड़ उखड़ गए। जिससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
डीएचबीवीएन के अनुसार, जिले के दोनों सर्कल में कुल 1307 बिजली फीडर हैं। इनमें सर्कल-1 में 574 और सर्कल-2 में 733 फीडर शामिल हैं। आंधी और बारिश के दौरान सर्कल-2 के 7 फीडर ब्रेकडाउन पर चले गए। इनमें 11 केवी अर्बन का 1 और 11 केवी आरडीएस के 6 फीडर शामिल रहे। बिजली निगम के मुताबिक, रात 9 से 10 बजे के बीच हालात सबसे ज्यादा खराब रहे। कई सेक्टरों और कॉलोनियों में अचानक बिजली गुल हो गई, जबकि कई जगह बार-बार ट्रिपिंग होती रही। लोगों को 30 मिनट से लेकर कई घंटों तक बिजली कटौती झेलनी पड़ी।
सेक्टरों व सोसायटियों में रातभर परेशान रहे लोग : सेक्टर-37D, पालम विहार, न्यू कॉलोनी, सेक्टर-69, पटौदी रोड और आसपास की कई सोसायटियों में लोग रातभर परेशान रहे। इनवर्टर और डीजी बैकअप भी लंबे कट के आगे जवाब देते नजर आए।



