मॉनसून से पहले हटा रहे मलबा, संवारेंगे ग्रीन बेल्ट

नवभारतटाइम्स.कॉम

जीएमडीए (GMDA) मॉनसून के आने से पहले शहर को संवार रहा है। तालाबों के साथ ग्रीन बेल्ट विकसित किए जा रहे हैं। लगभग 45 किलोमीटर सड़कों से मलबा और अतिक्रमण हटाया जा रहा है। जल निकासी को बेहतर बनाने और जल संचयन को बढ़ावा देने के लिए यह काम तेजी से चल रहा है।

gurugrams green belt beautification and debris removal campaign before monsoon

n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

मॉनसून से पहले जीएमडीए ने तालाब एरिया विकसित करने के अलावा ग्रीन बेल्ट डिवेलप करने के लिए काम शुरू कर दिया है। इसके अलावा शहर में करीब 45 किलोमीटर की सड़कों से मलबा, मिट्टी और अतिक्रमण हटाने काम जारी है। यहां पर अलग-अलग टीमों की ओर से पौधरोपण, साैंदर्यीकरण आदि काम किया जा रहा है।

बरसात के पानी की निकासी को सुचारु बनाने और वॉटर रिचार्ज को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर ग्रीन बेल्ट को विकसित किया जा रहा है। यह अभियान शहर के कई प्रमुख मार्गों एवं कॉरिडोर पर चल रहा है। इनमें सिग्नेचर चौक से अतुल कटारिया चौक, लोटस वैली स्कूल रोड, गुड़गांव यूनिवर्सिटी रोड, ओल्ड रेलवे रोड, सुभाष चौक से मिलेनियम सिटी सेंटर, सुभाष चौक से हीरो होंडा चौक, इफको चौक से एसपीआर मार्ग और सेक्टर-44/45 सड़क सहित अन्य मार्ग शामिल हैं। जीएमडीए के सीईओ पीसी मीणा ने बताया कि हरित वातावरण को बेहतर बनाने के लिए व्यापक स्तर पर काम किए जा रहे हैं। चौबीसों घंटे काम के लिए 100 से अधिक कर्मचारी और 20 से अधिक जेसीबी मशीनों सहित अन्य उपकरण लगाए गए हैं। शहर सौंदर्यीकरण के तहत राजीव चौक से सिग्नेचर टॉवर चौक, अतुल कटारिया चौक, इफको चौक से मिलेनियम सिटी सेंटर और सेक्टर-89 व 90 सहित विभिन्न स्थानों पर पौधे लगाने का काम किया जा रहा है। स्टॉर्म वाटर ड्रेन का निर्माण व डी-सिल्टिंग, अतिरिक्त रोड गलिस का विकास और जलभराव संभावित क्षेत्रों में ड्रेनेज इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने का भी काम जारी है।