n NBT न्यूज, फरीदाबाद
शहर में हरियाणा बोर्ड के 10वीं क्लास के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। परिणाम घोषित होते ही छात्र वेबसाइट पर अपना रिजल्ट देखने में जुटे रहे, वहीं स्कूलों में खुशी का माहौल देखने को मिला। कई स्कूलों में छात्रों को बुलाकर उत्सव मनाया गया और उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी गई।
बसेलवा कॉलोनी स्थित मोहन ऋषि स्कूल के स्टूडेंट्स ने परीक्षा में बेहतरीन प्रदर्शन किया। स्कूल की छात्रा नंदनी कुमारी ने 90.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। दुष्यंत ने 88.2 प्रतिशत अंक लेकर दूसरा, विवेक ने 84.4 प्रतिशत के साथ तीसरा और उज्जवल ने 83.8 प्रतिशत अंक लेकर चौथा स्थान प्राप्त किया। स्कूल के हेड टीचर मनीष गौतम ने स्टूडेंट्स और शिक्षकों को बधाई देते हुए सभी मेहनत का परिणाम बताया। इसके अलावा राहुल पब्लिक स्कूल का भी रिजल्ट शत प्रतिशत रहा। इस दौरान स्कूल में छात्रों ने अपने बेहतर परिणाम की खुशी मनाई।
वहीं, गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकंडरी स्कूल पाली का परिणाम भी शत प्रतिशत रहा। स्कूल की स्टूडेंट्स ने शानदार सफलता दर्ज की। यहां स्टूडेंट्स ने विज्ञान, गणित और अंग्रेजी विषयों में बेहतर प्रदर्शन किया। स्कूल प्रशासन ने कहा कि स्टूडेंट्स की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग से यह सफलता संभव हो पाई है। परिणाम घोषित होने के बाद स्कूल परिसरों में स्टूडेंट्स और पेरंट्स ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई। शिक्षकों ने कहा कि इस तरह के परिणाम अन्य स्टूडेंट्स को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेंगे।



