n NBT न्यूज, गुड़गांव
जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने गुरुवार को करीब 2 करोड़ 86 लाख रुपये की विभिन्न स्वास्थ्य परियोजनाओं का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि हेलीमंडी में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट और चंदू, नूरगढ़ व महचाना गांवों में नए उप स्वास्थ्य केंद्र भवनों के शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं और मजबूत होंगी।
सुबह पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में कार्यक्रम में मंत्री ने कहा कि सरकार का फोकस लोगों को उनके नजदीक बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि बाघनकी में नया पीएचसी और घामड़ोज में नया सब हेल्थ सेंटर बनाया जाएगा। मौजूदा वित्त वर्ष में 8 नए सब सेंटर और रणसीका, रीठोज व सिंधरावली में 3 नए पीएचसी स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पीएचसी दौलताबाद और वजीराबाद को सीएचसी में अपग्रेड किया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री ने हेली मंडी उपमंडल नागरिक अस्पताल में बनाए गए ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का उद्घाटन किया। यह यूनिट पटौदी ब्लॉक के लिए डायग्नोस्टिक हब के रूप में कार्य करेगी, जहां डेंगू, मलेरिया, ब्लड ग्रुप, एचबी, ईएसआर और आरबीएस जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा गांव चंदू में लगभग 89.45 लाख रुपये, नूरगढ़ में करीब 81.89 लाख रुपये और महचाना गांव में लगभग 64.83 लाख रुपये की लागत से बने उप स्वास्थ्य केंद्र भवनों का भी उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, मानेसर महापौर डॉ. इंद्रजीत यादव, सीएमओ डॉ. लोकवीर, डिप्टी सीएमओ डॉ. अनुज गर्ग, डॉ. जयप्रकाश राजलीवाल सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।



