nNBT न्यूज, बांदा/भाषा
बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े डीसीएम से टकरा गया। हादसे में स्कॉर्पियो सवार परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे का कारण चालक को झपकी आना बताया जा रहा है।
एसपी पलाश बंसल के अनुसार स्कॉर्पियो सवार आजमगढ़ से महोबा जा रहे थे। हथौरा गांव के पास सुबह करीब नौ बजे स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े डीसीएम से टकरा गई। हादसे में आजमगढ़ के रामगढ़ गांव निवासी अजीत (38), मां प्रेमशिला (55), दादी चंद्रावती (80) और चाची निशा विश्वकर्मा (40) की मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल रिया (16) को इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया है।
नशे में धुत स्कॉर्पियो चालक ने 11 को कुचला, मासूम समेत 2 की मौत: बुंदेलखंड के ललितपुर में बुधवार देर रात नशे में धुत स्कॉर्पियो चालक ने कई राहगीरों को कुचल दिया। हादसे में पांच माह के मासूम समेत दो की मौत हो गई, जबकि नौ गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार कोतवाली तालबेहट क्षेत्र के पूराकला मार्ग पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो चालक ने एक के बाद एक कई लोगों को टक्कर मारने के साथ ही कुचल दिया। हादसे में पांच माह की मासूम नैंसी और उसके बाबा रघुबर (45) की मौत हो गई।



