n NBT न्यूज, जनकपुरी
जनकपुरी थाना इलाके के एक प्राइवेट स्कूल में 3 साल की बच्ची के साथ यौन शोषण के मामले में पुलिस ने स्कूल की एक महिला टीचर को भी आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद उसे द्वारका कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी को पूछताछ के लिए एक दिन की रिमांड पर भेजा दिया है। पुलिस ने कोर्ट से दो दिन की रिमांड देने की मांग की थी। पीड़ित बच्ची ने 30 अप्रैल को घर लौटने के बाद अपनी मां को बताया था कि एक मैडम उसे बेसमेंट के रूम में लेकर गई थी। इसके बाद उसके साथ यौन शोषण किया गया था। पीड़ित बच्ची की मां शुरू से यही कह रही थी कि मामले में स्कूल के केयरटेकर के अलावा एक महिला टीचर भी शामिल है। उसे भी गिरफ्तार किया जाना चाहिए क्योंकि बच्ची ने उसकी पहचान भी की थी। लेकिन पुलिस ने सिर्फ केयरटेकर को ही गिरफ्तार किया था। बाद में आरोपी केयर टेकर को द्वारका कोर्ट से बेल मिल गई थी।
डीसीपी शरद भास्कर ने हाल ही में बताया था कि वेस्टर्न रेंज के जॉइंट पुलिस कमिश्नर जतिन नरवाल ने पीड़ित बच्ची के पैरंट्स से मुलाकात की और पूरी घटना के बारे में उनसे जानकारी ली और मामले में 24 घंटे के अंदर जनकपुरी पुलिस को रिपोर्ट देने के लिए ऑर्डर दिया था। पुलिस आरोपी केयर टेकर की बेल को कैंसल कराने के लिए हाईकोर्ट में अपील दायर करने की तैयारी कर चुकी है।



