nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : हजरतगंज पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह समेत कई लोगों के खिलाफ फर्जीवाड़ा , कूटरचना और प्रॉपर्टी हड़पने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है। मामला राजा भइया की पत्नी भानवी सिंह की शिकायत से जुड़ा है।
प्रतापगढ़ के हथिगवां निवासी भानवी सिंह जॉपलिंग रोड स्थित शालीमार ग्रैंड में रहती हैं। उन्होंने बताया कि फरवरी 2014 में मुंबई निवासी यशोधन शेट्टी के साथ मेसर्स सारंग इंटरप्राइजेज नाम से साझेदारी फर्म पंजीकृत कराई थी, जिसमें करोड़ों रुपये निवेश किए गए थे। आरोप है कि अमेठी के जामों निवासी और राजा भइया के चचेरे भाई एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह ने रोहित कुमार सिंह, अनिल कुमार, राम देव यादव और एक अन्य के साथ मिलकर फर्म के दस्तावेजों में हेराफेरी की। भानवी का आरोप है कि फर्जी हस्ताक्षर कर अक्षय प्रताप को साझेदार दिखाया गया और करोड़ों की संपत्ति हड़पने की साजिश रची गई। शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने पर उन्होंने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद मुकदमा दर्ज किया गया।



