n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : प्रमोशन प्रक्रिया में सुस्ती पर शासन ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्य सचिव एसपी गोयल ने सभी विभागों को जारी निर्देश में कहा गया है कि अब सभी प्रमोशन सिर्फ मानव संपदा पोर्टल के जरिए ऑनलाइन ही होंगे। अन्य किसी भी माध्यम से किया गया चयन मान्य नहीं होगा। प्रक्रियागत अनावश्यक विलंब पर कार्रवाई होगी।
आदेश में कहा गया है कि प्रमोशन से भरे जाने वाले पद समय से प्रक्रिया शुरू न होने से वर्षों तक खाली रह जाते हैं, जिससे कामकाज प्रभावित होता है और कर्मचारियों का मनोबल भी गिरता है। इसलिए, समयबद्ध कार्रवाई जरूरी है। चयन वर्ष 2026-27 की सभी संभावित रिक्तियों के लिए प्रमोशन प्रक्रिया हर हाल में 30 जून 2026 तक पूरी करनी होगी। वहीं, अगले साल के प्रमोशन के लिए भी समयसीमा पहले ही तय कर दी गई है। अगले साल की रिक्तियों का चयन 15 जनवरी तक निपटाना अनिवार्य होगा। विभागाध्यक्ष स्तर के पदों के मामले इस साल जून के पहले सप्ताह तक कार्मिक विभाग को भेजने होंगे। आदेश के अनुसार समयसीमा का पालन न करने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



