n NBT न्य़ूज, पलवल : शहर में बढ़ती जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए 5 स्पेशल पुलिस राइडर टीम को तैनात किया गया है। इस टीम को आधुनिक वायरलेस सेट, चालान मशीन व बॉडी कैम से लैस किया गया है। राइडर लगातार गश्त करेंगी और जाम लगाने वाले वाहन चालकों को सेफ साइड से निकलवाने का प्रयास करेंगे। इन राइडरों की तैनाती आगरा चौक, बस स्टैंड, कमिटी चौक, रेलवे रोड पर की गई है। एसपी नीतीश अग्रवाल ने कहा है कि राइडर शहर के प्रमुख चौराहों, बाजार, स्कूल-कॉलेज व भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार गश्त कर यातायात को सुचारू रखेंगे। पीक ऑवर्स में जाम खुलवाने के लिए तुरंत मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक क्लियर कराएंगे। गलत साइड ड्राइविंग,ओवर स्पीडिंग व अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ मौके पर चालान भी करेंगे। सड़क दुर्घटना होने पर घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाएंगे व यातायात को सामान्य करवाएंगे।



