n NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली
सेंट स्टीफंस कॉलेज में नई प्रिंसिपल की नियुक्ति के ऐलान के एक दिन बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी ने इस नियुक्ति को रोकने को कहा है। गुरुवार को डीयू के रजिस्ट्रार प्रो विकास गुप्ता ने कॉलेज की गवर्निंग बॉडी के चेयरमैन को पत्र लिखकर कहा है कि प्रिंसिपल नियुक्ति के लिए बनी मौजूदा चयन समिति यूजीसी रेगुलेशंस 2018 के अनुरूप नहीं है, इसलिए उसकी सिफारिशों को लागू नहीं किया जा सकता। प्रो विकास गुप्ता ने बताया कि नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर कॉलेज ने डीयू प्रशासन को कोई जानकारी नहीं दी, यूनिवर्सिटी को कोई जानकारी नहीं थी कि कब सिलेक्शन कमिटी बनी, कब इंटरव्यू हुए।
पत्र में डीयू ने कहा है कि यूजीसी रेगुलेशंस 2018 के तहत प्रिंसिपल चयन समिति में वाइस चांसलर के नॉमिनी और यूनिवर्सिटी के नॉमिनेट किए गए एक्सपर्ट्स का शामिल होना जरूरी है लेकिन कॉलेज ने यूनिवर्सिटी से कोई अनुरोध नहीं किया। यह भी कहा गया है कि सेंट स्टीफंस एक अल्पसंख्यक संस्थान है, मगर फिर भी प्रिंसिपल नियुक्ति के लिए चयन समिति यूजीसी के तय नियमों के तहत ही होनी चाहिए।
डीयू प्रशासन का कहना है कि मौजूदा चयन समिति वैधानिक प्रावधानों के अनुरूप नहीं बनाई गई इसलिए नई नियुक्ति प्रक्रिया को तुरंत रोका जाए और यूजीसी रेगुलेशंस 2018 के मुताबिक नई चयन समिति बनाकर प्रक्रिया दोबारा शुरू की जाए। 12 मई को सेंट स्टीफंस कॉलेज ने प्रोफेसर सुज़न इलियास को अपना नया प्रिंसिपल घोषित किया। वह कॉलेज की पहली महिला प्रिंसिपल चुनी गईं।



