टेलिकॉम और बैंकिंग शेयरों ने संभाला मोर्चा, सेंसेक्स 790 अंक उछला

नवभारत टाइम्स

शेयर बाजार में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन तेजी रही। उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बीच सेंसेक्स करीब 790 अंक चढ़ गया। टेलिकॉम, फार्मा और प्राइवेट बैंकिंग शेयरों में सस्ते दाम पर हुई खरीदारी से बाजार को मजबूती मिली। भारती एयरटेल के शेयर 5% से ज्यादा चढ़े। सेंसेक्स 75,398.72 पर बंद हुआ। निफ्टी 23,689.60 पर बंद हुआ।

टेलिकॉम और बैंकिंग शेयरों ने संभाला मोर्चा, सेंसेक्स 790 अंक उछला
(फोटो- नवभारत टाइम्स)

NBT रिपोर्ट, मुंबई: शेयर बाजार में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन तेजी देखने को मिली। उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बीच सेंसेक्स करीब 790 अंक चढ़ गया। टेलिकॉम, फार्मा और प्राइवेट बैंकिंग शेयरों में सस्ते दाम पर हुई खरीदारी (वैल्यू बाइंग) की वजह से बाजार को यह मजबूती मिली। 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 789.74 अंक (1.06%) की बढ़त के साथ 75,398.72 पर बंद हुआ। वहीं, NSE निफ्टी 277 अंक (1.18%) बढ़कर 23,689.60 पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की कंपनियों में भारती एयरटेल को सबसे ज्यादा फायदा हुआ, इसके शेयर 5% से ज्यादा चढ़ गए। इसकी वजह यह रही कि टेलिकॉम कंपनी का सालाना रेवेन्यू पहली बार 2 लाख करोड़ रुपये के पार निकल गया है।

इसके अलावा इटरनल के शेयर 3.32% और HDFC बैंक के शेयर 2.67% चढ़े। सेंसेक्स को ऊपर ले जाने में HDFC बैंक और एयरटेल का बड़ा हाथ रहा। BSE स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.86% और मिडकैप सेलेक्ट इंडेक्स में 0.40% की बढ़त दर्ज की गई। कच्चा तेल (ब्रेंट क्रूड) करीब 1% बढ़कर 106.48 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने बुधवार को 4,703.15 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने 5,869.05 करोड़ रुपये की खरीदारी की।

सेक्टर के हिसाब से देखें तो टेलिकॉम सेक्टर सबसे ज्यादा 2.87% चढ़ा। इसके बाद हेल्थकेयर (2.08%), मेटल (2.03%), यूटिलिटीज (1.59%), पावर (1.44%), टॉप-10 बैंक (1.40%), और सरकारी-प्राइवेट बैंक इंडेक्स में 1.38% की तेजी रही।