n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
उद्योग विहार फेस-1 स्थित भारत इंटरप्राइजेज और नरसिंहपुर सेक्टर-35 स्थित माइको ग्लास कंपनी के कर्मचारियों ने गुरुवार को वेतन संबंधी मांगों को लेकर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ रोष व्यक्त किया। कर्मचारियों का आरोप है कि प्रदेश सरकार की ओर से न्यूनतम वेतन वृद्धि के आदेश का कंपनी की ओर से उचित रूप से पालन नहीं किया जा रहा है। इसको लेकर कर्मचारियों ने हड़ताल कर दी।
भारत इंटरप्राइजेज के कर्मचारियों का कहना है कि कंपनी ने सभी कर्मचारियों को एक ही ग्रेड में शामिल कर दिया है, जबकि काम और अनुभव के आधार पर वेतन में अंतर होना चाहिए। कर्मचारी तबरेज का कहना है कि सरकार की ओर से अनस्किल्ड, सेमी स्किल्ड और स्किल्ड के हिसाब से वेतन की कैटिगरी निर्धारित की गई है। कर्मचारियों के अनुसार, हेल्पर और कारीगर दोनों को एक समान श्रेणी में रखे जाने से असंतोष बढ़ा है। कर्मचारी अखिलेश का कहना है कि इस कंपनी में करीब 200 कर्मचारी कार्यरत हैं। विरोध कर रहे कर्मचारी कंपनी परिसर के अंदर बैठकर अपनी मांगें उठा रहे हैं। जब तक वेतन और ग्रेड संबंधी समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक कोई काम नहीं करेगा।
नरसिंहपुर सेक्टर-35 स्थित माइको ग्लास कंपनी के कर्मचारियों ने भी कम वेतन को लेकर विरोध दर्ज कराया। कर्मचारी दीपक सहित अन्य कर्मचारियों का आरोप है कि कई जो लोग 10 साल से अधिक समय से कंपनी में काम कर रहे हैं, उन्हें लगभग 15 हजार रुपये मासिक वेतन मिल रहा है। वहीं पांच साल से कार्यरत कर्मचारियों को भी लगभग 12,500 रुपये दिए जा रहे हैं, जो मौजूदा महंगाई के हिसाब से बेहद कम है। कर्मचारी कंपनी गेट के बाहर बैठकर प्रदर्शन कर रहे हैं और वेतन बढ़ोतरी की मांग कर रहे हैं।



