n NBT न्यूज, फरीदाबाद : औद्योगिक संगठन फरीदाबाद आईएमटी इंडस्ट्रीज असोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष हेमंत शर्मा के नेतृत्व में नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा की। इस दौरान उद्यमियों ने कहा कि हरियाणा सरकार ने 2023 में एचएसआईआईडीसी व नगर निगम के बीच समझौते को लेकर अधिसूचना जारी की थी, लेकिन अब तक इसे पूरी तरह लागू नहीं किया गया है। इससे उद्योगों पर दोहरा टैक्स का बोझ पड़ रहा है। निगम कमिश्नर ने अधिकारियों को मामले की जांच कर जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए। प्रतिनिधिमंडल ने आईएमटी क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण व गंदगी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि लिंक रोड के पास अवैध डेरी चलने से गंदगी फैल रही है और सड़क पर घूमने वाले पशुओं से हादसे का खतरा बना रहता है। वहीं, पेट्रोल पंप के पास शराब ठेके के आसपास लगे अवैध खोखे व रेहड़ियों से शाम के समय जाम की स्थिति बन जाती है। इस पर निगम कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को अतिक्रमण हटाने व जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मौके पर जीएस दहिया, रमेश अरोड़ा, मनोज नागर, सन्नी सेहरावत आदि मौजूद रहे।



