प्रदेश में सप्लाई होने से पहले "36 करोड़ की हेरोइन ज़ब्त

नवभारतटाइम्स.कॉम

गुड़गांव एसटीएफ ने भिवानी में बड़ी कार्रवाई की है। करीब आठ किलोग्राम हेरोइन ज़ब्त की गई है, जिसकी कीमत 36 करोड़ रुपये है। यह राज्य में नशीले पदार्थों की दूसरी सबसे बड़ी बरामदगी है। मुख्य आरोपी रोहित को गिरफ्तार किया गया है। वह पंजाब से हेरोइन लाता था और हरियाणा में सप्लाई करता था।

36 crore heroin seized in haryana stf takes major action before supply main accused arrested

पूरे हरियाणा में सप्लाई होना था नशा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

भिवानी में नशे की खेप की सूचना पर पहुंची एसटीएफ

घर में छिपाकर रखी गई थी नशीली सामग्री

गिरफ्तार आरोपी रोहित पंजाब से हेरोइन की खेप लाता था

NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

पूरे हरियाणा में सप्लाई से पहले गुड़गांव स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने भिवानी में छापेमारी कर करीब आठ किलोग्राम 940 ग्राम हेरोइन बरामद की है। जब्त ड्रग्स की कीमत करीब 36 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, राज्य के इतिहास में नशीले पदार्थों की यह दूसरी सबसे बड़ी रिकवरी है। मामले में मुख्य आरोपी रोहित को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसटीएफ अधिकारियों को खुफिया सूत्रों से जानकारी मिली थी कि भिवानी में नशे की बड़ी खेप लाई गई है, जिसे हरियाणा के अलग-अलग जिलों में सप्लाई किया जाना था। सूचना मिलते ही एसटीएफ की विशेष टीम ने आरोपी रोहित के घर पर रेड कर दी। घर की तलाशी लेने पर पुलिस टीम को भारी मात्रा में हेरोइन बरामद हुई, जिसे आरोपी ने छिपाकर रखा था।

प्रारंभिक जांच और पूछताछ में खुलासा हुआ है कि इस पूरे ड्रग सिंडिकेट के तार पड़ोसी राज्य पंजाब से जुड़े हुए हैं। गिरफ्तार आरोपी रोहित खुद पंजाब से हेरोइन की खेप लेकर आता था। इसके बाद वह इसे हरियाणा के विभिन्न जिलों में स्थानीय तस्करों और पेडलर्स को ऊंचे दाम पर सप्लाई करता था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया है कि वह लंबे समय से इस अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट का सक्रिय हिस्सा रहा है और युवाओं को नशे के दलदल में धकेल रहा था।

सगा भाई पंजाब पुलिस का भगोड़ा

मामले में एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया है। नशा तस्करी के धंधे में रोहित का सगा भाई भी बराबर का साझेदार बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रोहित का भाई पहले से ही पंजाब पुलिस की वांटेड लिस्ट में शामिल है और कोर्ट उसे भगोड़ा घोषित कर चुकी है। उसके खिलाफ पंजाब में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। आरेाप है कि दोनों भाई मिलकर पंजाब और हरियाणा के बीच नशे का एक बड़ा नेटवर्क चला रहे थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय मार्केट में इस हेरोइन की कीमत करीब 4 करोड़ रुपये प्रति किलो है। इस लिहाज से पकड़ी गई खेप की कुल कीमत 35 से 36 करोड़ रुपये के बीच है। इससे पहले राज्य में 12 किलो हेरोइन की सबसे बड़ी रिकवरी हुई थी, जिसके बाद यह दूसरी सबसे बड़ी कामयाबी है।

बड़े चेहरे होंगे बेनकाब

एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी रोहित को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान पुलिस नेटवर्क की तह तक जाने का प्रयास करेगी। पुलिस का मुख्य फोकस यह पता लगाना है कि पंजाब में इस खेप का मुख्य सप्लायर कौन है और हरियाणा में किन-किन स्थानीय डीलरों को यह ड्रग्स बेची जानी थी। एसटीएफ इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य साथियों, कूरियर और इसे फंड करने वाले फाइनैंसर की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार रेड कर रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही मामले में कुछ और बड़ी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।