तंबाकू और पॉलिथीन मुक्त कैंपस बनाने के निर्देश

नवभारतटाइम्स.कॉम

पटौदी और हेलीमंडी के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए निरीक्षण किया गया। डायरेक्टर हेल्थ सर्विसेज डॉ. ब्रह्मदीप सिंधु ने अस्पतालों को तंबाकू और पॉलिथीन मुक्त बनाने के निर्देश दिए। मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया गया।

तंबाकू और पॉलिथीन मुक्त कैंपस बनाने के निर्देश

n NBT न्यूज, गुड़गांव

जिले के पटौदी और हेलीमंडी स्थित सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में डायरेक्टर हेल्थ सर्विसेज डॉ. ब्रह्मदीप सिंधु ने शुक्रवार को अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पतालों में तंबाकू और पॉलिथीन मुक्त कैंपस बनाने, मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया गया।

पाटौदी के एसडीसीएच अस्पताल में निरीक्षण के दौरान ट्रोमा सेंटर के प्रमुख स्थानों पर बड़े डिस्प्ले बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। आयुष्मान सेवाओं की जानकारी प्रदर्शित करने और टीबी यूनिट के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान अस्पताल में तंबाकू और पॉलिथीन मुक्त कैंपस सुनिश्चित करने के लिए साफ साइन बोर्ड लगाने और नियमों का सख्ती से पालन कराने को कहा गया। अस्पताल के इमरजेंसी वॉर्ड, मातृत्व सेवाओं, एनबीएसयू, क्षेत्रीय वैक्सिन स्टोर और जिला वैक्सिन स्टोर का भी निरीक्षण किया। हेलीमंडी अस्पताल में नवनिर्मित पब्लिक हेल्थ यूनिट ब्लॉक का निरीक्षण किया गया। सप्ताह में तीन दिन नेत्र रोग विशेषज्ञ की तैनाती करने, दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और लैब की जिम्मेदारी एक मेडिकल ऑफिसर को सौंपने के निर्देश दिए। इसके अलावा हेलीमंडी अस्पताल में डिलिवरी सेवाएं बढ़ाने और इनका प्रचार करने को कहा। दोनों अस्पतालों में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा कर सेवाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिया गया है। इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ. लोकवीर सिंह आदि मौजूद रहे।