गर्म हवा में थम रही उड़ान, पक्षी भी हीट स्ट्रोक के शिकार

नवभारतटाइम्स.कॉम

लगातार गर्म हवाओं का असर अब पक्षियों पर दिख रहा है। तेज धूप और गर्म हवाओं से पक्षी हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के शिकार हो रहे हैं। शहर के पक्षी अस्पतालों में ऐसे पक्षियों की संख्या बढ़ रही है। छोटे पक्षियों को अधिक खतरा है। पक्षियों को ओआरएस और उपचार दिया जा रहा है।

heatwaves toll birds flight halted by heatstroke numbers rise at hospitals

NBT न्यूज, गुड़गांव

लगातार चल रही गर्म हवाओं का असर अब पक्षियों पर दिखाई देने लगा है। तेज धूप, गर्म हवा और पेड़ों की घटती छांव के कारण पक्षी हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के शिकार हो रहे हैं। शहर के पार्क, ग्रीन बेल्ट और कॉलोनियों में सुबह चहचहाने वाले पक्षी अब दोपहर होते-होते गायब हो जाते हैं। जैकबपुरा स्थित पक्षी अस्पताल हो या फिर एसओएस क्लिनिक, यहां हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन से पीड़ित पक्षियों की संख्या बढ़ रही है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार ओपीडी में आने वाले करीब 30 प्रतिशत पक्षी गर्मी की चपेट में हैं।

पक्षी अस्पताल के डॉ़ एस.पी. गौतम ने बताया कि अधिक तापमान और लगातार चल रही गर्म हवा के कारण पक्षियों में तेजी से डिहाइड्रेशन हो रहा है। कई पक्षी उड़ते समय जमीन पर गिर रहे हैं, जबकि कुछ कमजोर हालत में पेड़ों और इमारतों के किनारे मिल रहे हैं। अस्पताल में पक्षियों को ओआरएस सॉल्यूशन और उपचार दिया जा रहा है। डॉ.अभिषेक सिंह वाइल्ड लाइफ एसओएस ने बताया कि छोटे पक्षियों के शरीर में पानी कम होता है, जिससे हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है।