n NBT न्यूज, गुड़गांव
जिले की व्यायामशालाएं अब सिर्फ सेहत बनाने की जगह नहीं रहीं, बल्कि योग , आयुर्वेद और स्वास्थ्य जागरूकता के मजबूत केंद्र के रूप में उभर रही हैं। आयुष विभाग की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान के जरिये स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया जा रहा है।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी के निर्देशन और जिला योग कोऑर्डिनेटर डॉ. विकास यादव के नेतृत्व में जिले की व्यायामशालाओं में नियमित स्वास्थ्य एवं योग शिविर लगाए जा रहे हैं। टीम अब तक इकबालपुर, रामपुर, दौलताबाद, कुनी और लोकरा गांव की व्यायामशालाओं में शिविर आयोजित कर चुकी है। इसमें प्रशिक्षित योग सहायकों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास करवाया गया है। शुक्रवार को गांव बजघेड़ा के स्कूल में निशुल्क आयुर्वेदिक एवं योग स्वास्थ्य जागरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में छठी से आठवीं कक्षा तक के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। डॉ. श्वेता ने बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी, जबकि फार्मासिस्ट कविता ने निशुल्क दवाइयां वितरित कीं। योग इंस्ट्रक्टर रेखा ने बच्चों को आसान योगासन और प्राणायाम कराए।


