n NBT रिपोर्ट, ग्रेटर नोएडा
तिलपता चौक स्थित भाजपा जिला कार्यालय में गुरुवार को कार्यशाला का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर पार्टी विश्व पर्यावरण दिवस (05 जून) से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। विभिन्न कार्यक्रमों के तहत जनपद के सभी जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देंगे। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 5 जून को जिले के सभी मंडलों में “एक पेड़ मां के नाम” के संकल्प के साथ पौधरोपण किया जाएगा। 13 जून को उत्तर प्रदेश सरकार के लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री एवं प्रभारी मंत्री कुंवर ब्रजेश सिंह, वाईएमसीए क्लब, ग्रेटर नोएडा में प्रेस वार्ता करेंगे। अभियान के जिला संयोजक एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष सत्येंद्र नागर ने बताया कि 14 से 16 जून तक सभी ब्लॉकों में जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। 16 जून को ब्लूम इंटरनैशनल स्कूल में “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” होगा। 17 से 20 जून तक दादरी नगर में प्रदर्शनी लगेगी। 18 जून को प्राकृतिक खेती पर कार्यशाला आयोजित की जाएगी। 08 से 14 जून के बीच ख्यातिप्राप्त लोगों से संपर्क किया जाएगा, जिसके लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस मौके पर मीडिया प्रभारी कर्मवीर आर्य, सुभाष भाटी, दादरी चेयरपर्सन गीता पंडित, देवा भाटी, धर्मेंद्र कोरी, वीरेंद्र भाटी, ठाकुर धर्मेंद्र भाटी आदि उपस्थित रहे।

