n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद : जिला महिला अस्पताल में फिजिशन की तैनाती न होने से गर्भवती महिलाओं को इलाज के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर हाई बीपी और डायबिटीज से जूझ रहीं महिलाओं के मामलों में अस्पताल को कई बार मरीजों को दूसरे अस्पतालों में रेफर करना पड़ता है। डॉक्टरों के मुताबिक, गर्भावस्था के दौरान कई महिलाओं में ब्लड प्रेशर और शुगर की समस्या बढ़ जाती है। प्रेग्नेंसी में हाई बीपी और शुगर होने पर मां और गर्भ में पल रहे शिशु दोनों को खतरा हो सकता है। ऐसे मामलों में लगातार विशेषज्ञ निगरानी की जरूरत होती है। अगर इस तरह की प्रेग्नेंट महिलाएं आती हैं तो उन्हें दूसरे अस्पतालों में रेफर करना पड़ता है।
अस्पताल के डॉक्टर्स ने कहा कि यह एसओपी है कि किसी स्थिति विशेष में एमएमजी अस्पताल से फिजिशन को बुलाया जा सके लेकिन यह प्रक्रिया इतनी जटिल है कि इसके भरोसे काम नहीं चल सकता। हर महीने 15 से 20 ऐसे मामले आते हैं, जिनमें बीपी और शुगर की वजह से महिलाओं को रेफर किया जाता है।

