n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद
कविनगर में केडीबी स्कूल के पास सड़क किनारे नगर निगम द्वारा बनाई जा रहीं दो दुकानों का स्थानीय लोग विरोध कर रहे हैं। स्थायी दुकानों के लिए बुनियाद खोदी जा चुकी है और यहां 8 पिलर बनाए जा रहे हैं। रेजिडेंट्स का कहना है कि दुकानें बनने से इलाके का माहौल खराब होगा और स्कूल आने-जाने वाली छात्राओं की सुरक्षा पर भी असर पड़ सकता है। रेजिडेंट्स कॉलोनी के वॉट्सऐप ग्रुप में भी आपत्ति दर्ज करा रहे हैं।
स्थानीय निवासी अमित गुप्ता ने बताया कि यहां ट्रैफिक का दबाव रहता है। दुकानें बनने से भीड़ बढ़ेगी। इस मुद्दे पर चर्चा के लिए रविवार को रेजिडेंट्स की बैठक भी बुलाई गई है। लोग इस बात से नाराज हैं कि सड़क के वर्ज पर निगम दुकानें कैसे बना सकता है। बता दें कि कविनगर में पहले नगर निगम की ओर से समृद्धि गलियारा बनाने की योजना प्रस्तावित थी। इसके तहत बीओटी मॉडल पर करीब 30 दुकानें बनाने की तैयारी थी। हालांकि, लोगों के विरोध के बाद वेंडिंग जोन बनाने की योजना रद्द कर दी गई थी। अब दो दुकानें बनाए जाने को लेकर फिर से विवाद शुरू हो गया है। पूर्व पार्षद हिमांशु मित्तल ने बताया कि यहां अव्यवस्थित तरीके से दुकानें बनने नहीं दी जाएंगी। जरूरत पड़ी तो लोग कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाएंगे।

