नोटिस के बाद भी एल्डिको आमंत्रण में मीटर से काटा जा रहा मेंटिनेंस चार्ज

नवभारतटाइम्स.कॉम

एल्डिको आमंत्रण सोसायटी में स्मार्ट मीटर से मेंटिनेंस चार्ज की वसूली का मामला गरमाया है। यूपीपीसीएल ने एओए को फिर नोटिस जारी कर कहा है कि बिजली मीटर से मेंटिनेंस चार्ज न काटा जाए। पहले भी निर्देश दिए गए थे, लेकिन शिकायतें जारी हैं। बिजली एक आवश्यक सेवा है और इसे मेंटिनेंस वसूली के लिए बाधित नहीं किया जा सकता।

uppcls strict notice on maintenance charge recovery from meters in eldeco invitation warning of action

n NBT न्यूज, नोएडा

एल्डिको आमंत्रण सोसायटी में स्मार्ट मीटर से मेंटिनेंस चार्ज की वसूली का मामला बढ़ता जा रहा है। इस मामले में उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने गुरुवार को फिर अपार्टमेंट ओनर्स असोसिएशन (एओए) को नोटिस जारी किया है। इसमें कहा है कि निवासियों के बिजली मीटर से किसी भी तरह का मेंटिनेंस चार्ज न काटा जाए और बकाया के नाम पर विद्युत आपूर्ति बाधित न की जाए।

यूपीपीसीएल ने इसी संबंध में 7 मई 2025 को भी एओए को स्पष्ट निर्देश जारी किए थे। इसके बावजूद सोसायटी में प्रीपेड स्मार्ट मीटर से मेंटिनेंस चार्ज वसूले जाने की शिकायत लगातार मिल रही है। निगम के पहले नोटिस का असर न होने पर विभाग ने दोबारा आदेश जारी किया है। यूपीपीसीएल का कहना है कि बिजली एक आवश्यक सेवा है और इसका उपयोग मेंटिनेंस चार्ज वसूली के साधन के रूप में नहीं किया जा सकता। निवासियों की ओर से इस मुद्दे को लगातार उठाने वाले तानिश मल्होत्रा ने कहा कि निगम का आदेश पूरी तरह स्पष्ट है। बिजली उपभोक्ताओं का अधिकार है और किसी भी परिस्थिति में मेंटिनेंस बकाया के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने एओए से तत्काल इस व्यवस्था को समाप्त करने की मांग की। यूपीपीसीएल ने चेतावनी दी है कि यदि एओए आदेशों की लगातार अनदेखी करती है तो नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।