n NBT न्यूज, गाजियाबाद/हापुड़
जिले में पुलिस व प्रशासन की मौजूदगी व कड़ी सुरक्षा के बीच मस्जिदों और ईदगाह पर ईद उल अजहा (बकरीद) पर नमाज अदा की गई। एसपी व अन्य अधिकारियों ने सभी को मुबारकबाद दी। हापुड़ के ईदगाह में शहर काजी मुफ्ती मकसूज आलम ने नमाज अदा कराई। इसके बाद लोगों ने पशुओं की कुर्बानियां दी। बुलंदशहर रोड पर स्थित ईदगाह पर सुबह से नमाज अदा करने वालों की भीड़ पहुंचनी शुरू हो गई थी। लोगों ने नमाज अदा कर देश में अमन, चैन, भाईचारा कायम रहने की कामना की।
ईदगाह पर नमाज के दौरान डीएम कविता मीना, एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह, एएसपी विनीत भटनागर, एसडीएम सदर इला प्रकाश, सीओ सिटी वरुण मिश्रा, तहसीलदार सदर आदि मौजूद थे। बुलंदशहर रोड पर ईदगाह होने के कारण पुलिस ने बुलंदशहर रोड पर वाहनों का आवागमन बंद कर दिया। केवल ईदगाह पर जाने वालों को निकलने दिया गया। बाकी ट्रैफिक को मेरठ तिराहे, तहसील चौपले से बाइपास की तरफ भेज दिया। वहीं बुलंदशहर की तरफ से आने वाले वाहनों को भी बाइपास से निकाला गया।

