n NBT रिपोर्ट, नोएडा
शेयर बाजार में निवेश कर रातों-रात अमीर बनने का सपना दिखा 75 वर्षीय बुजुर्ग से 22 लाख की ठगी हो गई। सेक्टर-76 स्थित जेएम ऑर्किड सोसायटी के निवासी प्रभात कुमार सिन्हा के साथ हुई ठगी में साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस उन खातों की कुंडली खंगाल रही है, जिनमें ठगी की रकम ट्रांसफर की गई है।
दिसंबर 2025 में सोशल मीडिया से एक व्यक्ति ने प्रभात सिन्हा से संपर्क किया। ठग ने खाते में जमा पूंजी के बारे में जानकारी ली और दावा किया कि यदि वे इसे शेयर ट्रेडिंग में लगाते हैं, तो उन्हें हर महीने 15 से 20 प्रतिशत का मुनाफा होगा। झांसे में लेने के लिए उन्हें वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़ा गया, जिसमें 200 से अधिक सदस्य मौजूद थे। सुबह 11 बजे ग्रुप पर ऑनलाइन क्लास लेते थे। अन्य सदस्य रोज फर्जी मुनाफे के स्क्रीनशॉट साझा करते थे। भरोसा जीतने के बाद ठगों ने उन्हें वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कराया। यह पोर्टल ठगों के नियंत्रण में था, जहां पीड़ित को निवेश की गई राशि और उस पर मिलता मुनाफा बढ़ता दिखाई देता था।
लालच में आकर बुजुर्ग ने 7 जनवरी से लेकर 17 फरवरी के बीच 9 किस्तों में 21 लाख 94 हजार 412 रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए। जब उन्होंने मूल धन और मुनाफा निकालने का प्रयास किया, तो उन्हें तकनीकी खामियों का बहाना दिया गया। जब संपर्क टूट गया, तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ।



