n NBT न्यूज, लखनऊः उप्र हिंदी संस्थान के निराला सभागार में शनिवार को हिंदी पत्रकारिता की 200वीं वर्षगांठ हर्षोल्लास से मनाई गई। इस अवसर पर हिंदी प्रमियों को सम्मानित भी किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मौजूद रहे। देश के पहले हिंदी समाचारपत्र उदंत मार्तण्ड की स्मृति में अखिल भारतीय हिंदी पत्रकार संघ और रंगभारती ने संयुक्त रूप से ये आयोजन किया।
मौके पर इलाहाबाद हाई कोर्ट के पूर्व वरिष्ठ न्यायाधीश डॉ. शेखर कुमार यादव को न्यायमूर्ति प्रेमशंकर गुप्त रंगभारती सम्मान से नवाजा गया। साथ ही पत्रकारिता जगत में उत्कृष्ट योगदान के लिए डॉ. अमिता दुबे को बाबूराव विष्णु पराड़कर सम्मान, रवींद्र कुमार सिंह व मदन मोहन बहुगुणा को लक्ष्मी नारायण गर्दे सम्मान, नरेंद्र श्रीवास्तव व हेमेंद्र प्रताप तोमर को रामकृष्ण खाडिलकर सम्मान और राजेश राय व चंद्रभान यादव को सच्चिदानंद वात्स्यायन अज्ञेय सम्मान से विभूषित किया गया। वरिष्ठ पत्रकार अजीत बिसारिया व मनोज छवड़ा को गणेश शंकर विद्यार्थी सम्मान, डॉ. सुरेंद्र सिंह चौहान व गोविंद पंत राजू को डॉ. धर्मवीर भारती सम्मान, शशिधर द्विवेदी को शंकर दयालु श्रीवास्तव सम्मान, नवेद शिकोह व आलोक राजा को हेरम्ब मिश्र सम्मान दिया गया।



