nNBT न्यूज़, बाराबंकीः दोगुना मानदेय का झांसा देकर महिलाओं से कार्य कराने के आरोप में ब्लाॅक मिशन मैनेजर बद्री नारायण के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत पहले केवल टेक होम राशन (टीएचआर) निंदूरा में आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों का पौष्टिक आहार तैयार होता था। आरोप है कि काम बढ़ने पर दोगुना काम करवाया लेकिन भुगतान नहीं किया।
एनबीटी के पूरे मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद शासन स्तर से जांच के आदेश दिए गए थे। अपर मिशन निदेशक, संयुक्त मिशन निदेशक टीएचआर, मुख्य वित्त एंव लेखाधिकारी व टीम लीडर टीएचआर की टीम 25 मई को जांच के लिए आई थी। उपायुक्त स्वतःरोजगार सुनील कौशल ने बताया कि जांच में आरोप सही पाए गए। दरअसल पिड़सांवा की उमादेवी, पूनम, रेनू, गीता, सुशीला, सुमन, पुष्पा, सुषमा देवी व मंजू देवी ने बीडीओ से पूरे मामले की शिकायत की थी। इसमें बताया कि पहले केवल निंदूरा के आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों का पौष्टिक आहार तैयार होता था। कुछ समय पहले देवा ब्लॉक का आहार भी यहां तैयार किया होने लगा। कार्य बढ़ने पर टीएचआर की संचालक कंपनी व अध्यक्ष आदि ने तीन माह पहले आठ घंटे के बजाए 15-16 घंटा कार्य करने पर दोगुना यानि 16,000 मासिक मानदेय देने का वादा किया था। हालांकि वादे के बावजूद भुगतान नहीं किया गया था।



