एनबीटी न्यूज, करनाल : जिले के नन्हेड़ा गांव में खेतों से मिले युवक बॉबी के शव के मामले ने और भी ज्यादा तूल पकड़ लिया है। पीजीआई चंडीगढ़ में पोस्टमार्टम होने के बाद भी परिजन अंतिम संस्कार करने को तैयार नहीं हैं। परिवार का आरोप है कि पुलिस इस मामले में सही तरीके से कार्रवाई नहीं कर रही क्योंकि इसमें सत्ताधारी दल से जुड़े एक बीजेपी मंडल अध्यक्ष का नाम सामने आ रहा है। परिजनों ने कहा कि एफआईआर में पांच लोग नामजद है, जिसमें बीजेपी नेता भी है
परिजन निष्पक्ष जांच और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं। पहले हुए पोस्टमॉर्टम में मौत को सामान्य बताया था, लेकिन पीजीआई में दोबारा पोस्टमार्टम में शरीर पर तीन चोटें मिलने की बात सामने आई है। इस विरोधाभास के चलते परिवार को शक है कि कहीं न कहीं मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। परिजनों का कहना है कि जब तक उन्हें कार्रवाई से संतुष्टि नहीं मिलती, तब तक शव का दाह संस्कार नहीं किया जाएगा। वहीं पुलिस लगातार परिवार को समझाने का प्रयास कर रही है। मृतक के भाई अभिषेक कुमार ने बताया कि पीजीआई के डॉक्टरों ने बॉबी के पांव, पसलियों के ऊपर और सिर में चोट होने की बात कही है। शरीर पर जले हुए निशानों को लेकर डॉक्टरों ने सैंपल लेकर जांच शुरू कर दी है। इसके बाद ही साफ होगा कि यह तेजाब था या कोई अन्य पदार्थ।



