n NBT न्यूज, गुड़गांव
कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET) के शुक्रवार को हुए पेपर में तकनीकी खामियों के कारण परीक्षार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ऑनलाइन प्रश्नपत्र समय पर अपलोड नहीं होने के चलते जिले के कई परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा निर्धारित समय से काफी देरी से शुरू हुई। इससे छात्रों और अभिभावकों में नाराजगी देखने को मिली।
जानकारी के अनुसार, सुबह की शिफ्ट में परीक्षा का समय 9 से दोपहर 12 बजे तक था लेकिन तकनीकी समस्या के कारण प्रश्नपत्र समय पर उपलब्ध नहीं हो सका। इसके चलते परीक्षा करीब दो घंटे की देरी से सुबह 11बजे शुरू हो पाई। परीक्षार्थियों को केंद्रों में ही बैठकर इंतजार करना पड़ा। वहीं, दूसरी शिफ्ट में भी तकनीकी समस्या सामने आई। शाम की परीक्षा का समय दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक निर्धारित था लेकिन ऑनलाइन पेपर अपलोड न होने के कारण परीक्षा करीब एक घंटे की देरी से शुरू हो सकी। छात्रों का कहना कि राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण परीक्षा में तकनीकी समस्या चिंता का विषय है। परीक्षार्थियों और अभिभावकों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसी खामियां रोकने के लिए पहले से पर्याप्त तैयारी की जाए ताकि छात्रों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।



