n NBT रिपोर्ट, पचगांव चौक
क्राइम ब्रांच सेक्टर-40 और सेक्टर-39 की संयुक्त टीम ने शुक्रवार रात हुई मुठभेड़ में कथित कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े 2 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ओर से 14 राउंड फायरिंग हुई, जिसमें पुलिस की गोली लगने से दोनों आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गए। पकड़े गए बदमाशों पर दिल्ली और हरियाणा में हत्या के प्रयास, रंगदारी और लूट जैसे अपराधों के दो दर्जन से अधिक केस दर्ज हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से लाखों रुपये कीमत के अवैध विदेशी हथियार बरामद किए हैं।
पचगांव चौक पर बिछाया था जाल
क्राइम ब्रांच सेक्टर-40 को सूचना मिली थी कि दिल्ली में अवैध वसूली के लिए ताबड़तोड़ फायरिंग करने वाले 2 बदमाश बाइक पर बिलासपुर से गुड़गांव की ओर आ रहे हैं। इस पर सेक्टर-40 और सेक्टर-39 क्राइम ब्रांच की टीमों ने संयुक्त रूप से पचगांव चौक के पास नाकेबंदी की। शनिवार तड़के 2 से 2:30 बजे के बीच एक बाइक पर 2 संदिग्ध आते दिखे। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाशों ने बाइक सर्विस रोड पर दौड़ा दी। मानेसर घाटी के पास उनकी बाइक असंतुलित होकर गिर गई।



