समस्याओं की बैठक

नवभारतटाइम्स.कॉम•
Navbharat Times
अभी पता चला कि पिछले आठ महीने से नगर निगम के सदन की बैठक नहीं हुई। शहर की समस्याएं जरूर लगातार बढ़ती रहीं, लेकिन उन्हें उठाने के लिए सदन नहीं मिला। हालांकि बजट पास करने और दूसरी जरूरी औपचारिकताओं के लिए बैठकें होती रहीं। पार्षद परेशान हैं कि वे अपने वार्ड की समस्याएं आखिर कहां उठाएं।

बात गंभीर थी तो मैंने इंजीनियर साहब को बताई। वह बोले, 'आप बेकार में परेशान हो रहे हैं। शहर चलाने के लिए बैठक जरूरी थोड़े ही है। बैठक में समस्याएं उठेंगी, फिर उन पर चर्चा होगी, फिर संबंधित विभाग से जवाब मांगा जाएगा। जवाब आने के बाद अगली बैठक में समीक्षा होगी। इससे अच्छा है कि बैठक ही न हो। कम से कम समस्याओं के समाधान की उम्मीद तो नहीं बंधेगी।' मैंने कहा, 'लेकिन शहर में धूल उड़ रही है, सड़कें टूटी हैं, नालियां जाम हैं। इनका क्या होगा?' वह बोले, 'आपको सरकारी व्यवस्था की समझ ही नहीं। धूल उड़ने दीजिए। पहले यह तय होगा कि धूल किस विभाग के अधिकार क्षेत्र में आती है। नगर निगम कहेगा कि सड़क अथॉरिटी ने बनाई है। अथॉरिटी कहेगी कि रखरखाव नगर निगम का काम है। तब तक धूल अपना काम करती रहेगी और विभाग अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे।' 'तो क्या बैठक बुलाकर इन समस्याओं पर चर्चा नहीं होनी चाहिए?'
उनका जवाब था, 'बैठक से समस्याएं खत्म नहीं होतीं, उलटे नई पैदा हो जाती हैं। किसे बुलाना है, कौन आएगा, कौन नहीं आएगा, किसे बोलने देना है, किसे जवाब देना है। इतनी माथापच्ची से अच्छा है कि शहर को अपने हाल पर छोड़ दिया जाए।' फिर गंभीर होकर बोले, 'मेरी सलाह है कि नगर निगम में समस्याओं के समाधान की बैठकें ही बंद कर दी जाएं। इससे कम से कम बैठक न होने की समस्या तो खत्म हो जाएगी!'