पार्षद को दिलाई शपथ, AAP ने उठाए सवाल

नवभारतटाइम्स.कॉम•
aap
nNBT रिपोर्ट, नई दिल्ली

दिल्ली की एक अदालत के फैसले के बाद दिल्ली नगर निगम के पुष्प विहार (वॉर्ड संख्या- 166) से निर्वाचित पार्षद नरेश ने दिल्ली नगर निगम के सदन की विशेष बैठक में पद और गोपनीयता की शपथ ली। इस पर आम आदमी पार्टी ने नाराजगी जताई है। सोमवार की इस विशेष सदन की बैठक में दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही ने कहा कि बीजेपी के पार्षद को विजेता घोषित किए जाने के बाद पुष्प विहार वॉर्ड के रुके हुए विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि गलत तरीके से जानकारी छिपाकर आम आदमी पार्टी ने वॉर्ड-166 का चुनाव तो जीत लिया लेकिन पिछले लगभग चार वर्षों में उनके पार्षद ने वॉर्ड में कोई काम नहीं किया।
आम आदमी पार्टी ने बीजेपी पार्षद नरेश को आनन-फानन में शपथ दिलाने पर सवाल खड़ा किया है। एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि बीजेपी ने हाई कोर्ट के आदेश का इंतजार किए बिना ही अपने पार्षद को शपथ दिला दी, जबकि पहले विजयी घोषित आप पार्षद अरुण नवारिया का मामला अभी हाई कोर्ट में लंबित है। बीजेपी को डर था कि कहीं 26 नवंबर को हाई कोर्ट निचली अदालत के फैसले को पलट न दे।