भरभराकर गिरी दीवार

नवभारतटाइम्स.कॉम•
Navbharat Times
भाषाओं की खूबसूरती यह है कि एक जैसी सुनाई देने वाली ध्वनियां अलग-अलग क्षेत्रों में अलग अर्थ पकड़ लेती हैं। मराठी का शब्द 'भरभराट' और हिंदी का 'भरभराना' इसके दिलचस्प उदाहरण हैं। मराठी में 'भरभराट' का अर्थ है तरक्की। जब किसी व्यापारी का कारोबार फैलता है और मुनाफा बढ़ने लगता है, तो इसे कहा जाता है 'भरभराट'। इसके उलट, हिंदी में 'भरभराना' का इस्तेमाल किसी चीज के अचानक ढहने या टूटकर गिरने के लिए होता है। जैसे- दीवार भरभराकर गिर गई। यह शब्द किसी चीज के गिरने से पैदा होने वाली 'भर-भर' जैसी आवाज का भी बोध कराता है। कुछ बोलियों में इसका प्रयोग भावनाओं के अचानक उमड़ने या गला भर आने के संदर्भ में भी मिलता है। दोनों शब्दों की ध्वनि में समानता जरूर है, लेकिन उनके अर्थ और भाषाई विकास अलग हैं। केवल मिलती-जुलती आवाज के आधार पर दोनों को एक ही स्रोत से मानना अनुचित होगा। मुट्ठी में भरी रेत जब नीचे गिरने लगती है, तो अपना आकार और पकड़ खो देती है। इससे 'भरभराना' शब्द का अर्थ और स्पष्ट होता है।