अपने भीतर का दीपक जलाना ही देव दिवाली

Contributed by: देवेन्द्रराज सुथार|नवभारतटाइम्स.कॉम•
Navbharat Times
मनुष्य की सबसे पुरानी तलाश प्रकाश की रही है। जब भी जीवन में अनिश्चितता, भय या दुख का अंधेरा घिरता है, हम किसी बाहरी सहारे या चमत्कार की उम्मीद करने लगते हैं। दीपावली के पंद्रह दिन बाद कार्तिक पूर्णिमा पर मनाई जाने वाली देव दिवाली हमें इसी तलाश का एक गहरा अर्थ समझाती है। दीपावली घर-आंगन को रोशन करने का पर्व है, वहीं देव दिवाली हमें अपने भीतर विवेक और चेतना का दीप जलाने की प्रेरणा देती है।

अमावस्या के अंधकार से निकलकर चंद्रमा जब पूर्णिमा को अपनी सोलह कलाओं के साथ पूर्ण होता है, तो वह जीवन का एक सूक्ष्म संदेश देता है। चंद्रमा का अपना प्रकाश नहीं होता। वह सूर्य के प्रकाश को ग्रहण कर उसे शीतलता के साथ धरती तक पहुंचाता है। आध्यात्मिक जीवन भी ऐसा ही है। जब हमारा अहंकार शांत होता है और मन निर्मल बनता है, तभी हम परम चेतना के प्रकाश को ग्रहण कर उसे प्रेम और करुणा के रूप में दूसरों तक पहुंचा पाते हैं।
पौराणिक मान्यता के अनुसार, इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध किया और देवताओं ने काशी में दीपोत्सव मनाया था। इस कथा को अपने भीतर की यात्रा के रूप में भी समझ सकते हैं। त्रिपुर को चेतना के तीन स्तरों- विचार, वाणी और कर्म का प्रतीक मानें, तो जीवन की अनेक उलझनों की वजह इन तीनों के बीच तालमेल का अभाव दिखाई देता है। हम सोचते कुछ, कहते कुछ और करते कुछ और हैं। जब भीतर विवेक जागता है, तो विचार, वाणी और व्यवहार में एकरूपता आने लगती है।

काशी के घाटों पर गंगा की लहरों और जलते दीपों का दृश्य भी जीवन का सुंदर दर्शन प्रस्तुत करता है। जल हमें प्रवाह, विनम्रता और परिस्थितियों के अनुरूप ढलना सिखाता है, जबकि दीपक की लौ संकल्प और आत्मानुशासन की प्रतीक है। जीवन की परिपक्वता इसी संतुलन में है। परिस्थितियों के साथ बदलना, लेकिन अपने नैतिक मूल्यों से समझौता न करना।

दीपदान की परंपरा हमें साक्षी भाव का पाठ भी पढ़ाती है। एक छोटा-सा दीपक अंधकार से लड़ने का शोर नहीं मचाता, बल्कि अपनी लौ से उसे दूर कर देता है। इसी तरह दूसरों की कमियों और नकारात्मकता से उलझने के बजाय यदि हम अपने भीतर प्रेम, धैर्य और संवेदना विकसित करें, तो आसपास का वातावरण भी बदल सकता है। दीपक का तेल और बाती जलकर प्रकाश देते हैं। उसी तरह स्वार्थ और संकीर्णता का त्याग ही समाज में सद्भाव का उजाला फैलाता है।

आज जब त्योहारों का उत्सव कई बार बाहरी प्रदर्शन और शोर तक सिमट जाता है, तब देव दिवाली का यह संदेश और प्रासंगिक है। दिव्यता किसी स्थान या कर्मकांड तक सीमित नहीं। वह हमारे व्यवहार की पारदर्शिता, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और प्रत्येक जीव के प्रति सम्मान में बसती है। किसी की कटुता का जवाब क्षमा से देना और अपने अहंकार को थोड़ा झुका लेना भी एक तरह का दीपदान है। आखिरकार, बाहरी प्रकाश की प्रतीक्षा करते रहना अंधकार है और अपने विवेक का दीपक जला लेना ही सच्ची रोशनी।